जलेसर। मामूली विवाद ने ऐसा तूल पकड़ा कि एक रेलकर्मी ने कुछ लोगों के साथ मिलकर साथी रेलकर्मी पर जानलेवा हमला कर दिया। लोहे की रोड, लाठी-डंडों से इतना पीटा कि वह मरणासन्न हालत में पहुंच गया। उसे उपचार के लिए आगरा भेजा गया है। मामले की रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज कराई गई है।
रेलवे स्टेशन के पास रेलवे कॉलोनी है। इसमें रेलकर्मी बनी सिंह और लाल सिंह अलग-अलग आवासों में परिवार संग रहते हैं। 13 मार्च को अन्य रेलकर्मी के साथ दोनों लोग रेलवे स्टेशन के पास काम कर रहे थे। काम करते समय दोनों में किसी बात को लेकर तकरार हो गई। विवाद बढ़ने पर साथी कर्मचारियों ने बीचबचाव करते हुए दोनों को उनके आवास पर भेज दिया।
आरोप है कि लाल सिंह ने बनी सिंह को सबक सिखाने के लिए अपने पुत्र अमित, सुमित और मनीश के साथ हमला कर दिया। लाठी-डंडे, सरिया से पीटकर उसे लहूलुहान कर दिया। पड़ोस के लोगों के एकत्रित होने पर हमलावर भाग गए। गंभीर हालत में बनी सिंह को अस्पताल पहुंचाया गया। यहां से उसे आगरा भेज दिया गया। बनी सिंह की पत्नी रीमा ने चारों हमलावरों पर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाली प्रभारी सुधीर सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।