पीपल अड्डा इलाके में सिंथेटिक दूध बेचने की आशंका पर सोमवार शाम को एसडीएम, नायब तहसीलदार और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दो दुकानाें पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने देशी घी के दो नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं।
एसडीएम सदर सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि पीपल अड्डा इलाके की दो दुकानों पर सिंथेटिक दूध बेचने की सूचना पर सोमवार शाम को खाद्य सुरक्षा विभाग के अफसरों, नायब तहसीलदार और पुलिस बल के साथ अचानक छापा मारा। कार्रवाई के दौरान सिंथेटिक दूध बरामद नहीं हुआ, बल्कि दोनों दुकानों पर देशी घी मिलने पर दो नमूने लेकर जांच के लिए लेबोरेटरी भेजे गए हैं। जिन दुकानों पर छापा मारा गया उनमें बाबूगंज निवासी अमित कुमार की फर्म खिमानी हरीशंकर और सरनऊ निवासी देवेंद्र की फर्म शामिल है। एसडीएम के अनुसार लोगों को आशंका थी कि दोनों दुकानाें पर सिंथेटिक दूध बेचने का काम होता है। इलाके के लोगाें की सूचना पर ही सोमवार को कार्रवाई हुई। इससे पूर्व भी उसी इलाके में शुक्रवार को भारी मात्रा में सिंथेटिक दूध बरामद कर तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।