कस्बा के मैन चौराहे पर बुधवार की रात चोरों द्वारा किराने की दुकान के ताले तोड़कर सामान व नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस द्वारा रिपोर्ट दर्ज न करने पर कस्बा के व्यापारी भड़क गए। गुरुवार को कस्बा के बाजार बंद कर धरना-प्रदर्शन किया और उच्चाधिकारियों को मौके पर बुलाकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग करने लगे। साथ ही कस्बा के बाजारों में पुलिस गश्त बढ़ाए जाने की मांग की। व्यापार मंडल भी एसएसपी से मिला। मौके पर पहुंचे सीओ सदर ने पीड़ित की तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज कराने का आश्वासन दिया, तब जाकर व्यापारियों ने बाजार खोला।
गांव नगला गुमानी निवासी होरी लाल की मिरहची के मैन चौराहे पर किराने की दुकान है। बुधवार रात चोरों ने दुकान के ताले तोड़कर दुकान में रखा किराने का सामान एवं नकदी चोरी कर ली। सुबह जब घटना की जानकारी हुई तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष ने व्यापारी से कहा कि दुकानदारों को भी चाहिए कि अपनी दुकानों से आवश्यक सामान को अपने घर ले जाया करें, पुलिस कब तक चोरों की रखवाली करेगी। इसी बात को लेकर कस्बा के व्यापारी भड़क गए और अपने प्रतिष्ठान बंद कर अनशन पर बैठ गए। सुबह साढ़े 11 बजे से व्यापारियों ने कस्बे का बाजार पूर्णत: बंद कर दिया। बाद में पहुंचे सीओ सदर ने व्यापारियों को समझाया और कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब जाकर व्यापारी माने।
एक दुकान में चोरी करने में असफल रहे चोर- व्यापारियों ने एसओ को बताया कि बुधवार रात में ही कस्बा निवासी प्रवीन यादव की किराने की दुकान की छत पर चढ़कर चोरों ने हथौड़ा एवं छैनी से छत काटने का प्रयास किया किन्तु जगार होने की वजह चोर छत काटने में नाकामयाब रहे।
रात में पुलिस नहीं कर रही गश्त-कस्बा के व्यापारियों में चोरी की घटना से रोष इस लिए भी दिखा क्योंकि चौराहे पर रात्रि के समय हमेशा पुलिस गश्त रहता था लेकिन कुछ समय से चौराहे पर पुलिस गश्त न होने के कारण भी व्यापारी स्वयं को असुरक्षित महसूस करने लगे हैं। दूसरी ओर व्यापारियों ने प्रशासन से यह भी मांग की कि रात्रि के समय कस्बे में बिजली दी जानी चाहिए। लोगों का कहना है कि पिछले छह माह से कस्बा पूरी रात अंधेरे में डूबा रहता है बिजली न रहने से भी चोर उचक्के सक्रिय रहते हैं।
जिपं सदस्य पति की उठाई बाइक-धरना प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों को मिरहची पुलिस समझाने का प्रयास कर रही थी, तभी अचानक जिला पंचायत सदस्य पति रामप्रताप लोधी की बाइक को उनके परिचित द्वारा उठाकर दूसरे स्थान पर खड़ी करने पर बाइक चोरी की अफवाह फैल गई जिससे पुलिस के होश उड़ गए और बाइक को तलाश करने के लिए हर तरफ गाड़ी दौड़ाई। बाद में पता चला कि बाइक कस्बा के दूसरे मार्ग पर सुरक्षित खड़ी है।
व्यापारी मिले एसएसपी से, दिया कार्रवाई का आश्वासन
एटा। उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल मिश्रा गुट के व्यापारी गुरुवार को एसएसपी एसके वर्मा ने मिले और उनसे गल्ला व्यापारी यशपाल की हत्या करने वाले आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी व मिरहची में व्यापारी की दुकान से हुई चोरी के मामले में एसओ द्वारा बरती लापरवाही पर कार्रवाई की मांग की, जिस पर एसएसपी ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस मौके पर जिला महामंत्री दिनेश वार्ष्णेय, युवा जिलाध्यक्ष अतुल राठी, हरीश गुप्ता, आनंद यादव, अशोक गुप्ता, पुष्पेंद्र यादव, शंकरलाल आदि व्यापारी मौजूद थे।