जब से खाद्य सुरक्षा योजना लागू हुई है उसके बाद से डीलरों की मनमानी बढ़ गई है। डीलर पात्रों को अनाज न देकर बाजार में ही राशन को बेच देते हैं। इससे लोगों में डीलरों के खिलाफ आक्रोश बढने लगा है।
ग्राम चंदवा के ग्रामीणों ने अपर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर डीलरों की मनमानी की शिकायत की। ग्रामीणों ने कहा कि राशन डीलर राशन नहीं देता। दूसरे गांव के लोगों के नाम सूची में शामिल करा लिए हैं। राशन लेने जाने पर धमकी दी जाती है। पहले भी डीलर के खिलाफ जांच कराई गई थी जिसमें वह दोषी पाया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। डीलर के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इस दौरान भंवर पाल, राजीव, नन्नू, मुकेश, लक्ष्मी नरायन, रमेश, सत्यवान, खेमकरन, मनोज, महेद्र सिंह,महेश आदि शामिल रहे।
आम आदमी पार्टी ने अपर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर हनौता के राशन डीलर की शिकायत की। आप नेता सुशील सिंह ने कहा कि राशन डीलर ग्रामीणों को पूरा राशन नहीं देते। अभी भी गांव में 50 प्रतिशत लोगों के राशन कार्ड नहीं बना है। जिससे ग्रामीणों को सस्ते राशन का लाभ नहीं मिल पा रहा। इस दौरान धर्मेंद्र कश्यप, राजेश, अनुपम, विजेंद्र सिंह, राजेद्र सिंह, जगदीश, मुकेश, भगत सिंह, ओम प्रकाश, कुंबर पाल, धर्मवीर, अंतराम, शौक मोहम्मद आदि मौजूद रहे।
वहीं ग्राम सिरसौल एवं कोठीनगला के राशन डीलर ने पांच माह से ग्रामीणों को राशन नहीं दिया गया। जिससे ग्रामीण काफी परेशान हैं। ग्रामीण उदयवीर, पप्पू, प्रमोद कुमार, सुखवीर, हरीश चंद्र नेत्रपाल, राजूख् नौवत सिंह, महेद्र, योगेश, जीवाराम ने जांच कराकर डीलर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।