जलेसर में डिपो के निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते डीएम प्रेम रंजन सिंह।
- फोटो : जलेसर में डिपो के निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते डीएम प्रेम रंजन सिंह।
जलेसर। डीएम ने बृहस्पतिवार को तहसील क्षेत्र में निर्माणाधीन रोडवेज बस डिपो और समेकित विशेष माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। इसमें उन्हें गुणवत्ता नियंत्रण रजिस्टर नहीं मिला।
जलेसर में आगरा रोड पर 7.47 करोड़ की लागत से डिपो कार्यशाला का निर्माण किया जा रहा है। इसके निर्माण के लिए शासन से 5.95 करोड़ की धनराशि अवमुक्त हुई। इसके सापेक्ष कार्यदायी संस्था उप्र आवास विकास परिषद अलीगढ़ ने 5.85 लाख की धनराशि खर्च कर ली है।
कार्य की भौतिक प्रगति 83 प्रतिशत दर्शाई गई है। फिनिशिंग कार्य में पेंट, लाइट, स्टील का कार्य, डबल साइड बॉर्डर कार्य में कमियां मिलने पर फटकार लगाई। अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग ललित अग्रवाल और अधिशासी अभियंता आरईडी विनय कुमार को निर्देश दिए कि तकनीकी पहलुओं पर परियोजना के निर्माण कार्य और गुणवत्ता की जांच कर अपनी रिपोर्ट उपलब्ध कराएं।
इसके बाद दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के अंतर्गत 5.41 करोड़ की धनराशि से निर्माणाधीन समेकित विशेष माध्यमिक विद्यालय व स्टाफ के लिए विभिन्न प्रकार के आवासों का स्थलीय निरीक्षण किया। शासन द्वारा 5.33 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त की गई है। कार्यदायी संस्था ने 4.53 करोड़ की धनराशि खर्च करते हुए वित्तीय प्रगति 85 प्रतिशत दर्शाई है।
डीएम ने प्रोजेक्टर मैनेजर को निर्देश दिए कि विद्यालय प्रांगण को हरा-भरा स्वच्छ एवं आदर्श बनाया जाए। यहां भी परियोजना के कार्य की गुणवत्ता की जांच के लिए अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग और आरईडी को निर्देश दिए। सीडीओ डाॅ. नागेंद्र नारायण मिश्र, एसडीएम भावना विमल, डीएसटीओ प्रदीप कुमार, दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी अजीत कुमार आदि अधिकारी मौजूद रहे।