एटा के शहर के सैनिक पड़ाव में चल रहे एटा महोत्सव के पंडाल में सोमवार रात कलाकारों की सुरक्षा में बड़ी चूक देखने को मिली। पंजाबी नाइट कार्यक्रम में जस्सी गिल मंच से गीत सुना रहे थे, इसी बीच एक व्यक्ति रिवॉल्वर लेकर मंच के पास तक पहुंच गया। इसकी पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद उसे पकड़ा गया।
राजकीय जिला कृषि एवं औद्योगिक विकास प्रदर्शनी के तहत एटा महोत्सव के पंडाल में सोमवार की रात पंजाबी नाइट कार्यक्रम का आयोजन हुआ। पिछले एक माह से वहां की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की लापरवाही सामने आ रही है।
सोमवार को पंजाबी नाइट में बड़ी लापरवाही देखने को मिली। पंडाल के मंच पर पंजाबी गायक जस्सी गिल और बब्बल रॉय गाना गा रहे थे। दर्शकों के साथ पुलिसकर्मी भी सुरक्षा व्यवस्था को छोड़कर कार्यक्रम का आनंद ले रहे थे। इस कारण बड़ी लापरवाही देखने को मिली।
एक व्यक्ति रिवॉल्वर लेकर भीड़ के बीच में घूमते हुए मंच के पास बनी मीडिया गैलरी तक पहुंच गया। उसके पास रिवॉल्वर देखकर सूचना विभाग के एक कर्मचारी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके से युवक को पकड़ लिया।
मेला प्रभारी आरके सिंह ने बताया कि थाना प्रभारी जैथरा शंभूनाथ की उस स्थान पर ड्यूटी लगी थी। वहां रिवॉल्वर वाले एक व्यक्ति के पास से एक किसान यूनियन का कार्ड बरामद किया गया है। जानकारी मिलते ही उसको पंडाल से बाहर कर दिया गया। सीओ सिटी अशोक कुमार ने बताया कि इस प्रकार का कोई मामला हमारे संज्ञान में नहीं है।
पीएसी और 6 थानों की पुलिस लगाने के बाद भी हुई चूक
सबसे बड़ा सवाल है कि प्रसिद्ध पंजाबी गायक के कार्यक्रम में दर्शकों को रोकने और सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए पीएसी के साथ ही जिले के छह थानों की पुलिस लगाई गई थी। इसके बाद भी रिवॉल्वर लेकर एक व्यक्ति मीडिया गैलरी तक पहुंच गया। जोकि पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़ा कर रहा है।