किदवई नगर कालोनी में दो अप्रैल को हुई मुफ्ती शहजाद अहमद की हत्या में नामजद आरोपियों को पुलिस अभी तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है। इसी से गुस्साए मुस्लिम समाज ने बुधवार को शाह पैलेस में बैठक कर पुलिस से हत्याकांड के खुलासे की मांग की और एसएसपी के नाम सीओ को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में पुलिस को निर्दोषों को फंसाने का आरोप लगाया है। एसएसपी ने मुफ्ती के परिवार की सुरक्षा के लिए उनके घर दो सुरक्षा कर्मी तैनात कर दिए हैं।
किदवई स्थित मदरसे में घुसकर मुफ्ती शहजाद अहमद की हत्या के बाद मुस्लिम समुदाय में आक्रोश है। मामले में नामजद रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी पुलिस अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार करने में नाकाम साबित हुई है। इसी से गुस्साए मुस्लिम समाज ने बुधवार को शाह पैलेस में बैठक की। सपा नेता शराफत हुसैन उर्फ काले खां का आरोप है कि पुलिस निर्दोषों का फंसाने का प्रयास कर रही है, लेकिन नामजद आरोपियों के कनेक्शन नहीं खंगाल रही। बैठक में पुलिस पर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं करने पर नाराजगी जताई गई। बैठक बाद लामबंद लोग डीएम अजय कुमार यादव और एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी से हत्याकांड का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ज्ञापन देने पहुंचे। एसएसपी ने जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है। एसएसपी ने मुफ्ती के परिवार की सुरक्षा में दो सुरक्षा कर्मी तैनात कर दिए हैं। अब्दुल अजीज, साबिर, शरीफ, मोहम्मद उमर, असलम, हसीन अहमद, दिलशाद, मकीदुल रहमान, चमन, खलील, बहार अली, जाहिद, इलियास, अब्दुल हमीद, नाजिम फारुकी, दानिश समेत मुस्लिम समुदाय के अनेक लोग मौजूद रहे।