एटा। मंडलायुक्त अलीगढ़ गौरव दयाल ने मंगलवार को जिले का दौरा किया। एमसीएच विंग और बागवाला पहुंचकर ऑक्सीजन प्लांट स्थापना के संबंध में जानकारी ली। साथ ही कहा कि आइसोलेट मरीजों को समय पर ऑक्सीज उपलब्ध कराएं। वहीं, गांव कंसुरी में निगरानी समिति के क्रियाकलापों को परखा।
मंडलायुक्त ने सुबह सबसे पहले कलक्ट्रेट स्थित कोविड कमांड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण किया। कर्मचारियों से ऑक्सीजन की मांग आदि के लिए आने वाली कॉल की जानकारी की। निर्देश दिए कि होम आइसोलेट मरीजों को समय से ऑक्सीजन उपलब्ध कराएं। इसके बाद वह बागवाला क्षेत्र के गांव कंसुरी पहुंचे। निगरानी समिति के सदस्यों से बात की। कहा कि गांव में कोई माहौल खराब करता है तो, सूची बनाकर दें। जिससे उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
कलक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक के दौरान मंडलायुक्त ने कहा कि आरआरटी टीम एवं निगरानी समितियां गंभीरतापूर्वक कार्य करें। सभी पीएचसी, सीएचसी और जिला अस्पताल में कोविड जांच की सुविधा उपलब्ध रहे। मेडिकल कॉलेज एवं ऑक्सीजन प्लांट सहित अन्य व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के लिए धनराशि की मांग शासन को भेजी जाए।
उन्होंने ऑक्सीजन प्लांट लगाए जाने के लिए चिह्नित सीएचसी बागवाला एवं एमसीएच (मदर एंड चाइल्ड) विंग का भी जायजा लिया। निर्देश दिए कि ऑक्सीजन प्लांट के तहत बेडों की उपलब्धता कराते हुए पाइप लाइन बिछाने की कार्रवाई जल्द पूरी कराएं। तीसरी लहर में बच्चों को संक्रमित होने से बचाना है। इस अवसर पर डीएम डॉ. विभा चहल, एसएसपी उदय शंकर सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व सुनील कुमार सिंह, एडीएम प्रशासन विवेक कुमार मिश्र, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. पंकज कुमार जैन, सीएमओ डॉ. उमेश कुमार त्रिपाठी, सीएमएस डॉ. राजेश अग्रवाल, सीएमएस डॉ. अशोक कुमार आदि रहे।