एटा। नगर पालिका एटा के प्रभारी ईओ के विरोध में सभासद लामबंद हो गए हैं। सोमवार को उन्होंने डीएम से मुलाकात कर ईओ को हटाने की मांग रखी।
कई वार्ड के सभासद सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे और डीएम प्रेम रंजन सिंह से मिले। कहा कि नगर पालिका में अधिशासी अधिकारी के कार्य को देख रहे एएसडीएम वेद प्रिय आर्य की कार्यप्रणाली से सभी सभासद और शहर के नागरिक काफी परेशान हें। न तो उनका नगर पालिका में आने और न मिलने का कोई समय है।
जब भी कोई सभासद वार्ड से संबंधित समस्या की शिकायत करते हैं तो उनका फोन नहीं उठाते हैं। यदि फोन उठ भी जाए तो अपनी व्यस्तता बताते हुए टाल देते हैं। मई में उन्होंने अब तक किसी वार्ड में संपर्क किया न ही किसी सभासद से ही संपर्क किया है।
सभासदों ने मांग रखी कि इन परिस्थितियों को देखते हुए इनसे ईओ का चार्ज हटाकर किसी अन्य अधिकारी को दे दिया जाए। एएसडीएम ने बताया कि आरोप गलत हैं। पालिका में बैठते हैं और सभासदों की शिकायतों, सुझाव पर काम भी कराए जा रहे हैं। शहर में लंबे समय बाद नालों की सफाई का कार्य सभासदों के सुझाव पर कराया जा रहा है।