एटा। प्रॉपर्टी डीलर हामिद अली उर्फ पप्पू हत्याकांड की मास्टरमाइंड भाभी व पूर्व सभासद शबनम ने न्यायालय में सरेंडर कर दिया है। इस बहुचर्चित मामले में शबनम के भाई समेत दो आरोपी पहले से ही जेल में हैं। जीआरपी अब शबनम को रिमांड पर लेकर पूछताछ की तैयारी कर रही है।
आठ नवंबर को कोतवाली नगर के मोहल्ला मारहरा दरवाजा निवासी हामिद अली उर्फ पप्पू की रेलवे स्टेशन पर गोली मारकर हत्या कर दी थी। उनके भाई भाजपा सभासद कफील अहमद ने जीआरपी थाने में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी। यह घटनाक्रम काफी चर्चाओं में रहा। 9 दिसंबर को जीआरपी ने हत्याकांड में शामिल एक आरोपी संजय उर्फ पिंपल निवासी त्रिलोकपुरी दिल्ली को पकड़ा था। उससे पिस्टल बरामद की थी। उसने दूसरे आरोपी अब्दुल खालिद निवासी सुंदरनगरी दिल्ली के भी हत्याकांड में शामिल होने की बात कही। अब्दुल खालिद को 4 जनवरी को जीआरपी ने कासगंज रोड बाईपास से पकड़ा था।
पूछताछ में उसने बताया कि घटना को अंजाम अपनी बहन शबनम के कहने पर दिया था। शबनम मुकदमे में वादी सभासद कफील अहमद की पत्नी है। शबनम पूर्व सभासद रही है। उसे पुलिस ने प्राथमिकी में षड्यंत्र रचने का आरोपी माना। हामिद शबनम का देवर था। हामिद ने शबनम की बेटी की शादी जबरन जयपुर में करा दी थी। बेटी ससुराल में खुश नहीं थी। ससुरालीजन परेशान करते थे। इसी को लेकर शबनम और हामिद में झगड़ा होता रहता था।
इधर वर्ष 2025 में जयपुर में एक रिश्तेदार के यहां अंत्येष्टि का कार्यक्रम था। वहां खालिद और हामिद के बीच झगड़ा हो गया था। हामिद ने खालिद के थप्पड़ मार दिए थे जिससे खालिद अपमानित महसूस कर रहा था।
हत्याकांड के बाद से शबनम भागी हुई चल रही थी। जीआरपी थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि शबनम में न्यायालय में सरेंडर कर दिया है। उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।