शहर में जाम की समस्या से लोगों को निजात मिलती नहीं दिख रही है। मिनटों का सफर लोगों को घंटों में तय करना पड़ रहा है। वहीं कुछ लोग शार्टकट का रास्ता अपना रहे हैं। सोमवार को शहर जाम की चपेट में रहा। ट्रैफिक पुलिस की लापरवाही का खामियाजा राहगीरों के साथ स्कूली बच्चों को भी जाम में फंसकर उठाना पड़ रहा है।
शहर में जाम की समस्या जटिल रोग की तरह होती जा रही है। जाम को लेकर कुछ हद तक ट्रैफिक पुलिस भी जिम्मेदार है। लोगों की मानें तो जीटी रोड पर पुलिसकर्मी ट्रक रोककर अवैध वसूली करते हैं। इसके चलते सड़कों पर लंबा जाम लग जाता है। सोमवार को भी लोगों को जाम की समस्या से दो-चार होना पड़ा। जाम के चलते घंटों रोडवेज बसों के साथ अन्य वाहन फंसे रहे। साथ ही जाम के चलते स्कूली बच्चों को भी काफी परेशानी उठानी पड़ी। घंटों बाद भी जाम न खुलने पर स्कूली बच्चे पैदल-पैदल ही बस से उतर घर जाने लगे। जाम को लेकर टीएसआई से संपर्क किया तो उन्होंने फोन ही नहीं उठाया।