हाईस्कूल विज्ञान परीक्षा में नकल करते पांच पकड़े गए। इनमें दो छात्र एवं तीन छात्राएं शामिल हैं। तीन नकलचियों पर डायट प्राचार्य, एक पर बीएसए और एक के विरुद्ध केंद्र व्यवस्थापक द्वारा कार्रवाई की गई।
सोमवार को सचल दलों की नजर से नकलची बच नहीं सके। सुबह की पाली में डायट प्राचार्य के नेतृत्व में सचल दल ने प्रभूदयाल इंटर कालेज नगला खड़ी परीक्षा केंद्र पर दो छात्राओं एवं मझराऊ स्थित परीक्षा केंद्र शांती सुगढ़ सिंह हायर सेकेंडरी स्कूल में एक छात्र को नकल करते पकड़ा गया। वहीं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एसएस यादव ने गंगा शिक्षण संस्थान जैथरा केंद्र पर एक छात्रा को नकल करते पकड़ा। वहीं मोरध्वज हायर सेकेंडरी स्कूल नगला जवाहरी में केंद्र व्यवस्थापक ने एक परीक्षार्थी को नकल करते पकड़ा। सभी परीक्षार्थी हाईस्कूल के हैं।
सचल दलों की सख्ती कहें या नकल न मिलने से निराशा। परीक्षा छोड़ने वालों की संख्या बढ़ रही है। दर्जनों केंद्रों पर पूर्व दिनों की तुलना में अनुपस्थिति बढ़ी है। हाईस्कूल विज्ञान में 8683 एवं इंटरमीडिएट संगीत गायन में आठ एवं वादन में एक परीक्षार्थी अनुपस्थित रहा।
अब तक नकलचियों की संख्या 11 हुई
पूर्व दिनों हुई परीक्षा में सचल दलों द्वारा इंटरमीडिएट के नकलची पकड़े गए थे। मगर सोमवार को हाईस्कूल के नकलचियों का भी खाता खुल गया। एक ही पाली में पांच के विरुद्ध कार्रवाई हुई। वहीं इंटर के भी छह नकलची पूर्व में पकड़े जा चुके हैं। ऐसे में कुल नकलचियों की संख्या 11 हो गई है।