अलीगंज मार्ग स्थित कंसुरी के पास बस टकराने के बाद क्षतिग्रस्त प्राइवेट बस। स्रोत वीडियो ग्रैब
एटा। अलीगंज मार्ग पर थाना बागवाला क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कंसुरी गांव के पास तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने आगे चल रही अनुबंधित रोडवेज बस में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और यात्रियों में चीखपुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अनुबंधित रोडवेज बस सुबह करीब 9 बजे अलीगंज की ओर से आ रही थी। वहीं इसके पीछे एक प्राइवेट बस भी आ रही थी। प्राइवेट बस ने अनुबंधित रोडवेज बस में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बसों में बैठे यात्री अपनी सीटों से उछल पड़े। हादसे में तीन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कई अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आईं। बागवाला पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
घायलों के परिजन उन्हें तत्काल फर्रूखाबाद के लोहिया अस्पताल ले गए, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे के बाद कुछ देर के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित हो गया, जिसे बाद में सुचारु कराया गया। थाना बागवाला प्रभारी ने बताया कि प्राइवेट बस ने अनुबंधित रोडवेज बस में पीछे से टक्कर मार दी जिससे तीन यात्री घायल हो गए। परिजन घायलों को अस्पताल ले गए हैं। वहीं इस मामले में जांच की जा रही है।