एटा। थाना अवागढ़ क्षेत्र के नगला राजा गांव में हिस्सा बंटवारे को लेकर चल रही पंचायत के दौरान दो पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले। इसमें एक पक्ष के तीन लोग घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया जहां उन्हें उपचार दिया जा रहा है।नगला राजा गांव में एक घर के बंटवारे को लेकर सोमवार को सुबह पंचायत की जा रही थी। दोनों पक्ष एक ही परिवार के थे। पंचायत के दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। बाद में मारपीट तक पहुंच गई। मारपीट में घायल हुए लोगों में एक पक्ष से वीरेश (52), देवराज सिंह (32) और त्रिवेणी देवी (50) गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल पक्ष के रिंकू ने बताया कि परिवार के ही श्यामपाल, उमेश चंद्र, पंकज, शशिकांत, नीलम देवी और दो अन्य लोगों ने लाठी डंडों से हमला कर दिया। सभी घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लेकर आए हैं। बताया कि उपचार के बाद थाने में जाकर तहरीर देंगे।