एटा। डिपो की ओर से नए रूट पर बस सेवा शुरू की जाएगी। इसके लिए ट्रायल चल रहा है। बस सुबह स्टैंड से चलेगी और दिल्ली पहुंचेगी। वहां से सवारियां लेकर गोरखपुर के लिए रवाना होगी। यात्रियों की संख्या ठीक-ठाक रहती है तो नियमित रूप से बस का संचालन किया जाएगा।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक नरेश कुमार गुप्ता ने बताया कि लोगों की समस्याओं और मांग को देखते हुए निगम ने दिल्ली-गोरखपुर बस चलाने का निर्णय लिया है। यह बस सुबह एटा से सवारियां लेकर दिल्ली के लिए रवाना होगी। वहां पहुंचने के बाद अगर गोरखपुर के लिए पर्याप्त संख्या में यात्री मिल जाते हैं तो लौटते हुए सीधी चली जाएगी।
इसी के कारण एक बस का फिलहाल ट्रायल कराया जा रहा है। बताया कि इस बस के चलने से यात्रियों को लाभ होगा और निगम के राजस्व में भी वृद्धि होगी। फिलहाल इस बस का कोई समय निर्धारित नहीं किया गया है। नियमित होने पर ही समय सारिणी का निर्धारण किया जाएगा। निगम का उद्देश्य है कि किसी भी रूट पर यात्रियों को आवागमन में दिक्कत न हो और सुलभ यात्रा का लाभ मिल सके।