शुक्रवार से शुरू हुए जैन मेला महोत्सव में श्रावकों ने जिनेंद्र प्रभु की भक्ति की। इस दौरान निकाली गई रथयात्रा में श्रावकों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
घंटाघर स्थित जैन मेला पंडाल पर मेला महोत्सव का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ वीरेंद्र कुमार जैन एसओ ने किया। श्री दिगंबर जैन वीर मंडल ने वरिष्ठ कार्यकर्ता अनिल जैन किराना, अक्षय जैन रेडियो, सुनील बांदा, अनिल जैन काजी और तरुण जैन का सम्मान किया। साथ ही पर्यूषण पर्व के दौरान दस दिनों तक प्रभातफेरी में शामिल होने वाले बच्चों को अजय जैन ने पुरस्कृत किया गया। दोपहर को पुरानी बस्ती बड़े जैन मंदिर से रथयात्रा निकाली गई। रथ पर विराजित भगवान पुष्पदंत की सेवा में इंद्र लगे रहे। रथयात्रा पुरानी बस्ती स्थित बड़े जैन मंदिर से शुरू होकर लोकमनदास तिराहा, होली मोहल्ला, रेवाड़ी मोहल्ला, कैलाशगंज, वली मोहम्मद चौराहा, महावीर पार्क, घंटाघर, बजरिया, सुभाष मूर्ति, हाथी गेट, गोदाम चौकी होती हुई घंटाघर स्थित जैन मेला पंडाल पहुंची। जहां श्रीजी को विराजित कर मंगल अभिषेक किया गया।
शाम को भगवान की मंगल आरती की गई और विकास जैन शास्त्री ने प्रवचन दिए। रात को सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। पंचायत अध्यक्ष सुरेश चंद्र जैन, विमल हीपोलिन, शैलेंद्र जैन, संजय जैन, अनिल गैस, प्रदीप जैन, पंकज जैन, अमित जैन, सतेंद्र जैन, गौरव जैन, मोहित जैन, सुभाषचंद्र जैन, रवींद्र कुमार जैन मौजूद रहे।