एटा। कस्बा व थाना अवागढ़ के मोहल्ला कोलियान में रविवार की दोपहर बीएससी की छात्रा रिंकज (18) का शव घर में ही फंदे पर लटक मिला था। उसके पिता व ताऊ ने हत्या की आशंका जताई थी। पोस्टमार्टम के बाद आई रिपोर्ट में मृत्यु का कारण फंदा लगने से दम घुटना बताया गया है।
मूल रूप से फिरोजाबाद जिले के गांव थरौआ निवासी शांति स्वरूप लंबे समय से परिवार सहित यहां आकर बस गए। उनकी पुत्री रिंकज यादव (18) मौहर सिंह डिग्री कॉलेज वसुंधरा में पढ़ रही थी। इस समय उसकी परीक्षाएं चल रहीं थीं। शांति स्वरूप दिल्ली में रहकर हलवाई का काम करते हैं। मोहल्ला कोलियान में घर पर पत्नी राधा, पुत्री रिंकज व पुत्र अंकुर रहते हैं। रविवार की दोपहर लगभग 2 बजे राधा व अंकुर दवा लेने कस्बे के ही एक होम्योपैथिक चिकित्सक के क्लीनिक पर गए थे। शाम के लगभग 5 बजे यह लोग घर लौटे तो देखा घर के मुख्य दरवाजे पर बाहर से ताला था। पड़ोसी की छत पर चढ़कर अंकुर अपने घर में उतरा। वहां कमरे के दरवाजे के ऊपर बने रोशनदान में साड़ी के फंदे पर लटका था।
शव को उतारकर राधा ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने रिंकज के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मंगलवार को पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आई, जिसमें मौत का कारण फंदा लगने से दम घुटना आया। ताऊ कमलेश यादव ने बताया कि हमें अभी रिपोर्ट के बारे में जानकारी नहीं मिली है। जानकारी मिलने पर रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करेंगे।