साढ़े सात करोड़ की लागत से बनेगी कोतवाली नगर
-पुलिस विभाग ने प्रस्ताव शासन को भेजा, भूमि का चिह्नांकन
- अभी तक किराए की भूमि पर चल रही शहर कोतवाली
संवाद न्यूज एजेंसी
एटा। शहर की कोतवाली का जल्द ही पता बदल जाएगा। उसे नया ठिकाना मिल गया है। अभी तक किराए की भूमि पर चल रही कोतवाली नगर छोटे से भवन में चल रही है। जहां बरामद वाहन भी खड़े करने की जगह नहीं है, वहीं फरियादी को भी आने-जाने में परेशानी होती है। जीटी रोड पर दिन-रात जाम होने की वजह से भी फरियादियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
जीटी रोड स्थित नवीन गल्ला मंडी के नजदीक नए कोतवाली नगर का निर्माण कराया जाएगा। मंडी के नजदीक सरकार की तरफ से कोतवाली की जगह प्रस्तावित है। यहीं पर शहर कोतवाली के निर्माण के लिए साढ़े सात करोड़ का प्रस्ताव सरकार को भेज दिया है। जल्दी ही प्रस्ताव को मंजूरी मिलने और धनराशि अवमुक्त होने के बाद निर्माण कार्य आरंभ करा दिया जाएगा।
अतिक्रमण से मिलेगी निजात
जीटी रोड पर कोतवाली के सामने बरामद वाहन खड़े रहते हैं जिससे जाम की स्थिति बनी रहती है। कोतवाली शिफ्ट हो जाने के बाद शहर को जाम से मुक्ति भी मिल जाएगी।
यहां यह बनेगा
गल्ला मंडी के समीप बनने वाली सिटी कोतवाली में इंस्पेक्टर का कक्ष, आगंतुक कक्ष, कंप्यूटर रूम, स्टॉफ रूम, मुंशी आदि स्टॉफ के बैठने के लिए कमरा महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग हवालाता, स्नानागार, शौचालय, रसोईघर सहित पुलिस के जवानों और अफसरों के रहने के लिए दो और तीन मंजिला क्वार्टरों का का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही बरामद वाहनों को खड़ा करने के लिए खुला स्थान रखा जाएगा। शेष खाली हिस्से में पौध रोपण कर उसे हरा-भरा बनाया जाएगा।
भेज दिया प्रस्ताव
नवीन गल्ला मंडी स्थित कोतवाली नगर का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए सरकार को साढ़े सात करोड़ का प्रस्ताव भेज दिया है।
- संजय कुमार, एएसपी