जलेसर। गांव गढ़ी रामलाल में रविवार को दिनदहाड़े घर के ताले तोड़कर लाखों रुपये के जेवर चोरी होने के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि वारदात के समय गांव में संदिग्ध गतिविधियों का पता लगाया जा सके। साथ ही घटना के संबंध में परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
गांव निवासी श्रीकृष्ण के घर में रविवार दोपहर उस समय चोरी हुई जब परिवार के सदस्य अलग-अलग काम से बाहर थे। उनकी बेटी हितेश घर के दरवाजों पर ताला लगाकर पास में रहने वाली दादी के घर चली गई थी। कुछ देर बाद लौटने पर कमरों के ताले टूटे मिले और सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर गायब मिले। परिवार ने तीन अंगूठी, दो जंजीर, चांदी की करधनी, चार जोड़ी तोड़िया और एक जोड़ी झुमकी समेत अन्य जेवर चोरी होने की जानकारी पुलिस को दी थी।
पुलिस वारदात के तरीके और आसपास की गतिविधियों के आधार पर चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। आसपास के घरों और रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग जुटाई जा रही है। सीओ जलेसर ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि चोरी की घटना की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।