एटा। अलीगंज के मोहल्ला राधाकृष्ण में एक ठेकेदार व ईंट भट्ठा स्वामी के घर से होली पर सवा करोड़ रुपये से अधिक की चोरी हुई थी। शनिवार को रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस इसमें पूरी ताकत के साथ जुट गई। रविवार को पुलिस के हाथ अपराधियों तक पहुंच गए।
ठेकेदार सुमित कुमार परिजन संग होली पर अपने गांव इकौरी गए थे। मकान में ताला लगा हुआ था। 13 मार्च को गांव जाने के बाद 15 मार्च को वापस आकर देखा तो गेट का कुंडा टूटा मिला। उन्होंने 21.50 लाख रुपये, 1400 ग्राम सोने के जेवर, डेढ़ किलो चांदी के जेवर आदि सामान चोरी होने की रिपोर्ट शनिवार को दर्ज कराई।
कोतवाली प्रभारी निर्दाेष सिंह सेंगर ने बताया कि परिवार के सदस्यों, पड़ोसियों आदि से पूछताछ के आधार पर काम किया जा रहा है। सर्विलांस और एसओजी की टीम भी काम कर रही है। अपराधियों तक हाथ पहुंच गए हैं। उन्हें पकड़कर माल की बरामदगी होते ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।