एटा। मलावन की ओर जाने वाले हाईवे पर शाम ढलते ही राहगीरों की सुरक्षा रामभरोसे है। मानपुर अंडरपास से छछैना नहर पुल तक बदमाश राहगीरों की रेकी कर उनका पीछा कर रहे हैं। दो अलग-अलग घटनाओं में बदमाशों ने राहगीरों से लूटपाट और मोबाइल छीनने का प्रयास किया। शिकायतों के बाद भी प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोग पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
लोगों का आरोप है कि हाईवे पर दिन के समय कई स्थानों पर पुलिसकर्मी पशु लेकर गुजरने वाले वाहनों को रोककर वसूली करते दिखाई देते हैं। पुलिसकर्मियों के साथ ही एक तथाकथित मीडियाकर्मी भी रहता हो जो उन्हें आश्वस्त करता है कि हम तुम्हारे खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होने देंगे। आरोप है कि शाम ढलते ही यही पुलिसकर्मी हाईवे से गायब हो जाते हैं। ऐसे में रात के समय मानपुर अंडरपास से छछैना नहर पुल तक राहगीरों की सुरक्षा रामभरोसे है। लोगों का कहना है कि यदि पुलिस की नियमित गश्त नहीं बढ़ाई गई, तो बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकते हैं।
-
केस एक : बेटे के सामने पिता को पीटा, छह हजार रुपये छीने
दिल्ली से एटा आ रहे पिता-पुत्र गलती से छछैना गांव के नहर पुल पर तक पहुंचे तो वहीं उतर गए। वहां से एटा आने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे थे, तभी ऑटो सवार दो लोग वहां पहुंचे और पिता-पुत्र को बैठाकर पुल के नीचे ले गए। आरोप है कि बदमाशों ने करीब छह हजार रुपये छीन लिए। विरोध करने पर बेटे के सामने पिता के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित गांव के पास पहुंचे और ग्रामीणों को घटना बताई। सूचना पर डायल 112 की पुलिस पहुंची और दोनों को अपने साथ एटा की ओर ले गई।
-
केस दो : बाइक सवार से मोबाइल छीनने का प्रयास
13 अगस्त को शहर से मलावन की ओर जा रहे बाइक सवार का मानपुर बाईपास के नीचे से दो बाइक सवारों ने पीछा शुरू कर दिया। मलावन थाना क्षेत्र में सैंथरी पुलिस चौकी से चंद कदम आगे पहुंचने पर युवकों ने बाइक सवार से मोबाइल छीनने का प्रयास किया। शोर मचाने पर आरोपी बाइक लेकर आगे भाग गए। पीड़ित ने सैंथरी चौकी प्रभारी और सीओ सकीट से शिकायत की, कैमरे देखे गए लेकिन अभी तक मामले में कोई और कार्रवाई नहीं हुई है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से हाईवे पर शाम के समय राहगीरों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
-
वर्जन-
एक मीडियाकर्मी की संलिप्तता की जानकारी मिली है। इसके अलावा अगर कोई पुलिसकर्मी शामिल है तो उसकी भी जांच कराई जाएगी। इस प्रकार की चीजें स्वीकार नहीं की जाएंगी। वहीं दोनों घटनाओं की जांच कराई जाएगी। चेकिंग अभियान चलाकर इस प्रकार के बाइक सवारों पर शिकंजा कसा जाएगा। पीआरवी थाना पुलिस को लगातार गश्त के लिए निर्देशित किया गया है। - श्वेताभ पांडेय, एएसपी