विधान सभा चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद से पुलिस और प्रशासन की टीमे जिले मे लगे होर्डिंग, पोस्टर, बैनर हटाने में जुटी हैं। पुलिस टीमे वाहन रोक कर झंडे और बैनर उतार रहीं हैं। ऐसे में चुनाव से पूर्व प्रत्याशियों द्धारा करोड़ों खर्च कर लगवाए गए होर्डिंग, बैनर और पोस्टर पर चुनाव आयोग ने पानी फेर दिया है।
पहले चरण में विधानसभा चुनाव होने के कारण पुलिस प्रशासन की टीम सक्रिय होकर आचार संहिता का पालन कराने में जुटीं हैं। पुलिस प्रशासन तीन दिन में जिले में 700 होर्डिंग, 1300 के करीब बैनर उतराने के अलावा 2000 से अधिक बैनर उतरवा चुका है। प्रशासन के पास बिजली के पोल और दीवारों पर लगे पोस्टर का अब तक कोई हिसाब नहीं है।
शुक्रवार को पुलिस और प्रशासन की टीमों में अलीगंज, राजा का रामपुर, सराय अगहत, जैथरा, सकीट, मलावन, जिला मुख्यालय, पिलुआ, मिरहची, मारहरा, निधौली, वसुंधरा, अवागढ़ जलेसर और सकरोली में अभियान चला कर होर्डिंग, बैनर और पोस्टर हटवाए। हालांकि पुलिस और प्रशासन की टीम को सबसे ज्यादा परेशानी ग्रामीण क्षेत्र में हो रही है। जहां राजनैतिक दलों के समर्थक प्रचार सामग्री हटाने का विरोध कर रहे हैं, लेकिन समझाने पर मान भी रहे हैं। डीएम शंभूनाथ का कहना है कि चुनाव आचार संहिता में आडे़ आने वालों पर कार्रवाई होगी।