एटा। जैथरा नगर पंचायत क्षेत्र के तमाम आवासहीन लोगों ने पीएम आवास योजना के तहत लाभ प्राप्त करने के लिए आवेदन किए। लेकिन लंबे इंतजार बाद जब पात्रों की सूची आई तो इन लोगों के नाम ही नहीं थे। जिस पर उन्होंने आवेदन गुम किए जाने का आरोप लगाया था। इसे लेकर डीएम ने मामले की जांच बैठा दी है। पीओ डूडा पूरे प्रकरण की जांच करेंगे।
प्रधानमंत्री आवास योजना नगरीय के तहत 2021 और 2022 में नगर पंचायत द्वारा आवेदन मांगे गए। तमाम लोगों ने अपनी पात्रता बताते हुए आवेदन जमा कर दिए। इन लोगों का आरोप है कि विभाग के कर्मचारियों ने सर्वे किया और रुपये भी लिए। उन्हें पात्र मानते हुए जल्द रुपये भेजे जाने की बात कही। लेकिन जब महीने भर पहले 400 लोगों की पात्रता सूची नगर पंचायत कार्यालय पर चस्पा की गई। तो तमाम आवेदकों के नाम इस सूची में नहीं थे। नगर पंचायत कार्यालय से लेकर डूडा कार्यालय तक उनके आवेदनों की जानकारी ही नहीं दी गई।
डीएम प्रेम रंजन सिंह ने इसे लेकर डूडा के परियोजना अधिकारी सुभाषवीर सिंह राजपूत को पत्र जारी किया है। कहा है कि नगर पंचायत जैथरा के ईओ को साथ लेकर संबंधित क्षेत्रों में भ्रमण करें। सर्वे के नाम पर रुपये वसूलने की गहनता से जांच करें। पात्रता सूची को चेक करें और देखें कि किसी अपात्र को तो योजना में शामिल नहीं किया गया है।