एटा। प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर पीएमवीवाई (प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना) में कम से कम एक आवेदन करने की अनिवार्यता की गई है। इस संबंध में शासन से निर्देश मिलने के बाद सभी सीडीपीओ को पत्र जारी किया गया है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना महत्वकांक्षी योजना है। इस पर सरकार का काफी जोर है। शासन से निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर न्यूनतम 1 आवेदन जरूर कराया जाए। जिससे कि आवेदनों की स्थिति में वृद्धि हो और लोगों को योजना का लाभ मिले। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि जहां ग्रोथ मॉनीटरिंग डिवाइस खराब हैं, उसे परियोजना कार्यालय या प्रभारी चिकित्साधिकारी कार्यालय पर रखवा दें। ताकि उनकी मरम्मत कराई जा सके।
उन्होंने बताया कि सभी सीडीपीओ को निर्देशित किया गया है कि दाल, दलिया एवं खाद्य तेल की कालातीत अवधि यदि 15 दिन से कम है तो सामग्री को बदलवा लें। इसके अलावा सभी परियोजना अधिकारी, प्रभारी व मुख्य सेविका को निर्देश दिए गए हैं कि स्वयं सहायता समूह द्वारा पोषाहार का परियोजना गोदाम से उठान करने के बाद उसी दिन आंगनबाड़ी केंद्र कार्यकर्ता को उपलब्ध कराने की व्यवस्था होनी चाहिए। कार्यकर्ता इसका लाभार्थियों को वितरण करें। किसी प्रकार का दुरुपयोग क्षम्य नहीं होगा। संवाद