एटा। नवनिर्वाचित प्रधानों की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को नवगठित सभी ग्राम पंचायतों की पहली बैठक कराई गई। इसमें ग्राम प्रधानों और सदस्यों ने कोरोना के खात्मे का संकल्प लिया। इसके लिए कार्ययोजना भी तैयार की। साथ ही ग्राम पंचायत समितियों का गठन किया गया।
जिले में कुल 575 में से 545 पंचायतों में ग्राम पंचायत सदस्यों का कोरम पूरा हुआ है। ऐसे में इनसे संबंधित नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों को ही 25 मई को शपथ दिलाई गई। शासन से तय कार्यक्रम के अनुसार 27 मई को नवनिर्वाचित प्रधानों और ग्राम पंचायत सदस्यों की पहली बैठक कराई गई। ग्राम पंचायत सचिवों की कमी के चलते बैठकें देरशाम तक चलती रहीं। बैठक में अभी निर्माण और विकास कार्यों का कोई एजेंडा नहीं था। मुख्य रूप से ग्राम समितियों के गठन की कार्रवाई पूरी की गई। साथ ही कोरोना संक्रमण के खात्मे के लिए अगली रूपरेखा बनाई गई। ग्राम पंचायतों में सैनिटाइजेशन, जागरूकता, टीकाकरण आदि के बारे में प्रस्ताव लिखे गए। इस दौरान ग्राम प्रधानों ने अपनी प्राथमिकताओं की भी जानकारी भी दी।
शासन से तय कार्यक्रम के अनुसार सभी नवगठित ग्राम पंचायतों में 27 मई को पहली बैठक आयोजित कराई गई। जिसमें कोरोना नियंत्रण को लेकर रूपरेखा बनी। अगली बैठकों में विकास और निर्माण कार्यों के एजेंडा तैयार कर उन पर चर्चा की जाएगी। - आलोक प्रियदर्शी, डीपीआरओ