एटा। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के तत्वावधान में संकुल एथलेटिक्स प्रतियोगिता-2026 का आयोजन पंडित गोविंद बल्लभ पंत स्पोर्ट्स स्टेडियम में किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन सरस्वती विद्या मंदिर एटा की ओर से किया गया। इसमें प्रतिभागियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल एटा, नाथूराम सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज गंजडुंडवारा, सूरज प्रसाद डागा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज कासगंज और श्रीनिवास अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज जलेसर के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के निर्णायक राजेंद्र सिंह, बॉबी कुमार, नितेश चौहान, आलोक त्रिवेदी समेत अन्य रहे। संयोजक एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव गुप्ता ने विजेताओं को बधाई देते हुए आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं। विद्यालय अध्यक्ष वीरेंद्र वार्ष्णेय, प्रबंधक अतुल राठी और कोषाध्यक्ष डॉ. राजेश सक्सेना ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
परिणाम इस प्रकार रहे
प्रतियोगिता में अंडर-14 बालिका, अंडर-14 बालक, अंडर-17 बालक और अंडर-19 बालक वर्ग की कुल 53 स्पर्धाएं हुईं। अंडर-14 बालिका वर्ग में 100 मीटर दौड़ में स्वाति प्रथम और अपर्णा शर्मा द्वितीय रहीं। 600 मीटर में अनामिका ने पहला स्थान हासिल किया। गोला फेंक और चक्का फेंक में गौरी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। ऊंची कूद में अनन्या और लंबी कूद में स्वाति प्रथम रहीं। अंडर-14 बालक वर्ग में 100 और 200 मीटर में योगेश कुमार ने प्रथम स्थान हासिल किया। 400 मीटर में तनिष्क, 600 मीटर में एकांश और ऊंची व लंबी कूद में सनोज यादव प्रथम रहे। अंडर-17 वर्ग में हर्षित मौर्या ने 100 और 200 मीटर में प्रथम स्थान प्राप्त किया। अभिषेक राजपूत ने 800, 1500 और 3000 मीटर में बाजी मारी। वहीं अंडर-19 वर्ग में नितिन यादव ने 100 मीटर, हिरदेश कुमार ने 200 मीटर, नितिन कुमार ने 800 मीटर और जितेश कुमार ने 1500 मीटर में प्रथम स्थान हासिल किया। 5000 मीटर तेज चाल में विशेष कुमार विजेता रहे।