शादी समारोह के लिए सामान खरीदने अलीगंज जा रहे स्कार्पियो सवार छह लोगों की मौत की घटना से फर्दपुरा गांव में सन्नाटा है। गुरुवार को भी गांव में चूल्हे नहीं जले। चारो ओर गमगीन माहौल और सन्नाटा पसरा दिखाई दिया। दो लोगों के शव का अंतिम संस्कार बुधवार रात को ही कर दिया था, चार शवों का अंतिम संस्कार गुरुवार को किया गया। मैनपुरी, फर्रुखाबाद और फर्दपुर गांव में शवों के अंतिम संस्कार हुए। परिवार में सांत्वना देने वालों का तांता लगा है। 24 अप्रैल को होने वाला लगुन समारोह स्थगित कर दिया गया है।
फर्दपुरा निवासी सुरेश के बेटे गौरव की शादी होने के कारण बुधवार को परिवार के लोग स्कॉर्पियो में सवार होकर अलीगंज खरीदारी करने जा रहे थे। मैनपुरी रोड पर एक भट्ठे के सामने ट्रक ने कार में टक्कर मार दी थी। हादसे में गौरव की बहन मधुवाला, बहनोई संजीव, चाचा जगदीश की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि जगदीश के बेटे अनमोल की फर्रुखाबाद के अस्पताल में और मां लक्ष्मीदेवी एवं भाई अनोद ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया था। बुधवार शाम पोस्टमार्टम के बाद पिता जगदीश और उसके बेटे अनमोल की गंागाघाट फर्रुखाबाद, बहन मधुवाला और बहनोई संजीव की मैनपुरी में अंत्येष्टि की गई। गुरुवार सुबह मां लक्ष्मीदेवी और बेटे अनोद के शव का फर्दपुरा गांव में अंतिम संस्कार कर दिया गया। परिवार ने गौरव का 24 अप्रैल को होने वाला लगुन समारोह स्थगित कर दिया है। फर्दपुरा के एक ही परिवार के छह लोगों की मौत के बाद पूर गांव में मातमी सन्नाटा है। बुधवार शाम और गुरुवार सुबह गांव में चूल्हे तक नहीं जले। गमगीन परिवार को सांत्वना देने के लिए रिश्तेदारों का तांता लगा है। ग्राम प्रधान बलराम ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
एसओ अलीगंज मुकेश कुमार का कहना है कि अभी तक मामले की जांच में सामने आया है कि तेज रफ्तार कार का अचानक टायर फटने से कार अनियंत्रित होकर कई बार सड़क पर पलटने के बाद सड़क के किनारे गड्ढे में गिरी थी। इसके चलते तीन लोगाें की मौके पर मौत हुई है। पुलिस की मानें तो यदि कार से कोई वाहन टकराता तो कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होती, लेकिन कार क्षतिग्रस्त नहीं हुई है। अलीगंज पुलिस हादसे का कारण कार का अचानक टायर फटना मान रही है।