एटा। गर्मियों की छुट्टी होने पर लोग घूमने के लिए बाहर जाते हैं, अधिकांश लोग ट्रेन के माध्यम से यात्रा करते हैं। लेकिन यहां जिला मुख्यालय से कोई लंबी दूरी या प्रमुख स्थान के लिए ट्रेन नहीं है। लोगों को इस बार आस है कि ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जाएगा।
जिला मुख्यालय से वर्तमान में एक मात्र ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। जो कि सुबह को टूंडला से आती है और यहां से यात्री लेकर आगरा फोर्ट के लिए रवाना हो जाती है। यह ट्रेन दिनभर आगरा फोर्ट स्टेशन पर खड़ी रहती है और शाम को वापस एटा आकर फिर से टूंडला चली जाती है। यहां से टूंडला व आगरा के अलावा कहीं के लिए भी ट्रेन का संचालन नहीं हो पा रहा है। गर्मियों में लोगों की उम्मीद है कि रेल मंत्रालय शायद उनकी बात सुन ले और एक ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेन का संचालन शुरू कर दे।
सेवानिवृत्त संघर्ष समिति के अध्यक्ष रमेश चंद्र गुप्ता, सदस्य प्रदीप बिसारिया आदि ने बताया कि ऊपर तक मांगपत्र पहुंचाए हैं। अगर यहां के जनप्रतिनिधि सही तरीके से प्रयास करें तो निश्चित ही ट्रेन का संचालन शुरू हो जाएगा।