एटा। वृद्धावस्था पेंशन के सत्यापन में लापरवाही बरतना जैथरा विकासखंड में तैनात ग्राम पंचायत अधिकारी/पंचायत सचिव चंदन पांडेय को भारी पड़ गया। वृद्धा की पेंशन रोकने और बिना मौके पर जाए सत्यापन करने के मामले में उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामले की विभागीय जांच के भी आदेश दिए गए हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी की ओर पत्र में बताया गया है कि जैथरा निवासी राजा राम की पत्नी मुन्नी देवी की वृद्धावस्था पेंशन की धनराशि खाते में नहीं पहुंचने की शिकायत मिली थी। उनकी पेंशन पंजीकरण संख्या 312221009793 है। वित्तीय वर्ष 2025-26 की प्रथम किस्त के सत्यापन के दौरान ग्राम पंचायत अधिकारी चंदन पांडेय ने उन्हें मृत दर्शा दिया था। इससे उनकी पेंशन रुक गई थी। दोबारा सत्यापन किए जाने पर मुन्नी देवी जीवित मिलीं।
पत्र में कहा गया है कि ग्राम पंचायत अधिकारी ने मौके पर जाकर सत्यापन करने के बजाय मनमाने तरीके से अपनी राय के आधार पर कार्रवाई की। इस संबंध में 29 अक्तूबर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। जिलाधिकारी कार्यालय की ओर से भी 21 अक्तूबर को विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।