फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पीड़ित परिवार ने किया आत्मदाह का प्रयास

Tue, 27 Sep 2016 11:24 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
हाथ से छीनते मिटटी का तेल - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
अधिकारियों के आश्वासन के बाद भी कार्रवाई न होने पर मंगलवार को एसिड अटैक पीड़िता के परिवारीजनों के सब्र का बांध टूट गया। पीड़िता और उसकी मां, पिता ने कलक्ट्रेट पर आत्मदाह का प्रयास किया। सूचना मिलते ही वहां मौजूद कर्मचारियों ने दंपति के हाथ से माचिस छीन ली। जानकारी होने पर एडीएम प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर पीड़िता के परिवारीजनों को समझाया। इसके बाद फाइल मंगाकर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
विज्ञापन

दरअसल, 23 अप्रैल को नगर कोतवाली क्षेत्र के जेएलएन डिग्री कालेज के पास स्थित ओम शिवपुरी कालोनी निवासी फाइनेंसर प्रतापवीर की बेटी इंटरमीडिएट छात्रा पूर्णिमा सिंह (17) पर एक युवक ने तेजाब फेंक दिया था, जिससे उसका चेहरा झुलस गया। इस दौरान सामाजिक संस्थाओं और पुलिस प्रशासन ने शासन से सहायता दिलाने का आश्वासन दिया था। पीड़िता के पिता प्रतापवीर ने आश्वासन के आधार पर जिला प्रोवेशन विभाग को फार्म और सभी आवश्यक कागज देकर मदद की गुहार लगाई। तत्कालीन जिलाधिकारी अजय यादव और सीडीओ को भी प्रार्थना पत्र दिए, लेकिन हर बार आश्वासन देकर टरका दिया गया। कुछ दिन पूर्व पीड़ित पिता ने परिवार समेत आत्मदाह करने की मांग का प्रार्थना पत्र डीएम को दिया, लेकिन फिर भी प्रशासन नहीं चेता।
मंगलवार को पीड़िता पूर्णिमा सिंह, उसके पिता प्रतापवीर सिंह और मां आभा सिंह तीनों कलक्ट्रेट पहुंच गए। जब अधिकारियों से बात न हो सकी, तो पीड़िता के पिता प्रतापवीर ने अपने, बेटी और पत्नी के ऊपर मिट्टी का तेल छिड़क लिया। वह माचिस की तीली जलाने वाले थे कि तभी एलआईयू अधिकारियों ने जाकर माचिस छीन ली। मामले की जानकारी होने पर एडीएम प्रशासन सतीश पाल मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। एडीएम ने परिवारीजनों से एक सप्ताह का समय मांगा है और जल्द ही मुआवजा दिलाने की कार्रवाई करने को कहा है। पीड़िता के पिता ने बताया कि बेटी उच्च शिक्षा ग्रहण करना चाहती है, लेकिन इलाज न होने के कारण उसका सपना अधूरा रह जाएगा। अगर शासन से सहायता मिले तो कुछ राहत मिलेगी।
विज्ञापन

---------------
अब तक मिल रही धमकियां
मामले में पुलिस ने आरोपी छात्र अजय उर्फ भोला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। लेकिन आरोपी के परिवारीजन अब भी पीड़ित और उसके परिवारीजनों को धमकियां दे रहे हैं। इसके लिए पीड़िता के पिता ने कोतवाली में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें