अलीगंज सीएचसी पर दवा के लिए लगी मरीजों की भीड़। संवाद
- फोटो : शांति समिति की बैठक में मौजूद अधिकारी व धर्मगुरु। संवाद
अलीगंज। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान का असर अब लोगों की सेहत पर साफ दिखाई देने लगा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज में इन दिनों मरीजों की भारी भीड़ उमड़ रही है। उल्टी-दस्त, पेट दर्द, बुखार और डिहाइड्रेशन से पीड़ित मरीज बड़ी संख्या में उपचार के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं। सुबह से ही अस्पताल में पर्चा बनवाने और डॉक्टर को दिखाने के लिए लंबी कतारें लगी रहीं।
सीएचसी अलीगंज की ओपीडी में सुबह से ही भीड़ का दबाव बना रहा। पर्चा काउंटर से लेकर डॉक्टर कक्ष और दवा वितरण केंद्र तक मरीजों की लाइनें लगी रहीं। कई लोग अपने परिजनों के साथ उपचार कराने पहुंचे। अस्पताल पहुंच रहे अधिकांश मरीज शरीर में पानी की कमी, उल्टी-दस्त और कमजोरी की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। मरीजों की लगातार बढ़ती संख्या के कारण स्वास्थ्य कर्मियों को भी काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। चीफ फार्मासिस्ट सुरेश चंद्रा ने बताया कि सुबह 8 बजे से दोपहर दो बजे तक करीब 400 मरीज अस्पताल पहुंच चुके थे। उन्होंने बताया कि सबसे अधिक मरीज उल्टी-दस्त और डिहाइड्रेशन की समस्या से पीड़ित हैं तथा दोपहर तक संख्या और बढ़ने की संभावना बनी हुई थी। डॉक्टरों के अनुसार तेज धूप, गर्म हवाएं, दूषित पानी और खुले खाद्य पदार्थों का सेवन बीमारियों का मुख्य कारण बन रहा है। गर्मी में लोग राहत पाने के लिए ठंडे पेय पदार्थों और खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों का सेवन कर रहे हैं, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है।