मेडिकल कॉलेज में जांच रिपोर्ट लेने के लिए मरीजों की लगी भीड़। संवाद
एटा। मेडिकल कॉलेज में सोमवार को जांच रिपोर्ट के लिए मरीजों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। ऐसे में पूरी व्यवस्था ही ध्वस्त हो गई। एक महिला भीड़ में बुरी तरह फंस गई और उसका दम घुटने लगा, बमुश्किल भीड़ से बाहर निकल सकी।
मेडिकल कॉलेज में भूतल पर जांच रिपोर्ट के केबिन को दूसरी जगह पर स्थानांतरण कर दिया गया है। भूतल पर कमरा संख्या 21 में सैंपल का बिल और जांच रिपोर्ट दी जा रही है। सोमवार को 2000 से अधिक मरीजों के पर्चे बने जबकि यहां पर जगह कम होने की वजह से मरीज काउंटर तक नहीं पहुंच पा रहे थे। लोग एक दूसरे के बीच धक्का-मुक्की कर रहे थे। कम जगह होने की वजह से मरीज अपने सैंपल का बिल तक नहीं ले पा रहे थे।
इस दौरान एक महिला भीड़ में फंस गई जिससे उसका दम घुटने लगा। जैसे-तैसे वह भीड़ से बाहर निकल सकी। इस दौरान वह अपनी जांच रिपोर्ट तक नहीं ले सकी। वहीं काउंटर पर एक ही कर्मचारी बैठा हुआ था जो मरीजों की जांच रिपोर्ट दे रहा था जबकि एक कुर्सी खाली पड़ी हुई थी। मरीजों का कहना था कि इस काउंटर को दूसरी जगह स्थानांतरण करना चाहिए।
गौरतलब है कि पहले मेडिसिन विभाग के सामने इस काउंटर को संचालित किया जा रहा था जहां मरीज गैलरी में लाइन लगाकर जांच रिपोर्ट लेते थे लेकिन यहां पर न तो लाइन लगाने की व्यवस्था थी और न ही यहां पर कोई सिक्योरिटी गार्ड तैनात किया गया जिससे मरीज व तीमारदार की लाइन लगवाकर मरीज को एक-एक करके अंदर प्रवेश दिलाता। यहां पर पूरी तरह से व्यवस्था ठप पड़ी हुई थी।