एक युवक का प्रेम विवाह करना उसके माता-पिता को भारी पड़ गया। गांव के ही लोगों ने युवक के माता-पिता की पिटाई कर घर से निकाल दिया। उसके घर का सामान भी निकालकर ले गए। इसके बाद भी थाना पुलिस ने उनकी प्राथमिकी दर्ज नहीं की। अब पीड़ित ने मामले की शिकायत सोमवार को एसएसपी से की।
निधौलीकलां के गांव दलशाहपुर निवासी पवन कुमार ने बताया कि उसके बड़े भाई अरुण कुमार ने एक युवती से प्रेम विवाह किया है। यह बात गांव के ही कुछ लोगों को खराब लगी। इसके चलते वह लोग उनके बुजुर्ग माता-पिता को काफी दिनों से परेशान कर रहे थे।
माता-पिता पर दबाव बना रहे हैं कि अरुण और युवती को बुलाया जाए। जब माता-पिता ने अरुण को बुलाने से मना कर दिया तो उन लोगों ने उनकी पिटाई कर घर से निकाल दिया। सामान भी फेंक दिया। आरोप है उन लोगों ने धमकी दीकि जब तक अरुण को नहीं बुलाया जाता वे उन्हें गांव में नहीं रहने देंगे। पवन ने यह भी बताया कि प्रेम विवाह के मामले में युवती के पिता ने थाना पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है।