नगर पालिका परिषद के पेयजल आपूर्ति की टैंक की सफाई करने के दौरान सोमवार दोपहर एक युवक की अचानक पानी का प्रेशर टैंक में आने के कारण मौत हो गई। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिवारीजनों ने जाम लगा दिया। बाद में पालिका प्रशासन ने समझा बुझाकर जाम खुलवाया।
युवक साजन (20) निवासी मोहल्ला मनसूर के पिता उतम गंजडुंडवारा नगर पालिका में सफाईकर्मी है। पिता की तबियत खराब चल रही थी। जिसके कारण टैंक की सफाई के लिए जल निगम प्रशासन ने साजन को एवजी में कार्य के लिए बुला लिया। जब वह सफाई कर रहा था उसी समय टैंक में पानी का प्रेशर खुल गया और प्रेशर के कारण वह टैंक के पाइप में फंस गया और उसकी मौत हो गई।
जलकल कर्मियों ने तत्काल पानी रोककर साजन को बाहर निकाला और चिकित्सालय ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना जैसे ही परिवारीजनों को मिली तो वह मौके पर पहुंच गए। सूचना पर अन्य कर्मी भी मौके पर पहुंच गए। मौत से आक्रोशित परिवारीजनों ने बंबा सड़क पर जाम लगा दिया। अधिशासी अभियंता निहाल सिंह, चेयरमैन प्रतिनिधि हाजी मुनब्बर हुसैन मौके पर पहुंच गए। उन्होंने संविदा पर मृतक के भाई को नौकरी और दो लाख रुपये की सहायता राशि देने का भरोसा दिया। उसके बाद जाम खुला।