शहर की मंडी समिति में रखी गई ईवीएम की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने पुख्ता प्रबंध किए हैं। सीआईएसएफ, बीएसएफ और पुलिस के साथ चूहों से बचाव के लिए भी व्यवस्थाएं की गई हैं। अफसर रोज स्ट्रांग रूम के बाहर दवाओं और पाउडर का छिड़काव करवा रहे हैं।
इसके साथ ही बिजली, पानी के साथ सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था दुरुस्त है। विधानसभा चुनाव को लेकर जिले में पहले चरण में मतदान संपन्न होने के बाद ईवीएम को 11 मार्च तक होने वाली मतगणना के लिए मंडी समिति के स्ट्रांग रूम में रखा गया है।
ईवीएम की सुरक्षा के लिए सीआईएसएफ और बीएसएफ जवानों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही अफसर रोज स्ट्रांग रूम का दौरा कर रहे हैं। मंडी में चूहों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन से स्ट्रांग रूम के आसपास पर्याप्त व्यवस्थाएं की हैं।
रूम के बाहर रोज दवाओं और पाउडर का छिड़काव कराया जा रहा है। ताकि चूहे अंदर प्रवेश न कर सकें। इसके साथ ही 24 घंटे बिजली का बंदोबस्त किया गया है। जवानों के लिए पानी की टंकियों के साथ हैंडपंप लगाए गए हैं।
एडीएम वित्त और राजस्व महेश चंद्र शर्मा ने बताया कि ईवीएम की सुरक्षा के पूरे प्रबंध हैं। वैसे चूहे स्ट्रांग रूम के अंदर नहीं हैं, लेकिन फिर भी बाहर दवाओं का छिड़काव करवा रहे हैं। सीसीटीवी कैमरों से पूरी निगरानी की जा रही है।