पंचायत चुनाव के प्रथम चरण के लिए सोमवार से जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत सदस्यों की नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई। जहां जिला पंचायत सदस्य की दावेदारी कर रहे प्रत्याशियों ने कलक्ट्रेट पर नामांकन किया, वहीं बीडीसी पदों पर चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों ने संबधित विकास खंडों पर अपने नामांकन किए। जहां जिला पंचायत सदस्यों के नामांकनों को लेकर सोमवार को कलक्ट्रेट पर कम चहलकदमी देखी गई, तो वहीं विकास खंड कार्यालयों पर बीडीसी प्रत्याशियों का हुजूम नजर आया। विकास खंड कार्यालयों पर नामांकन के लिए छह-छह काउंटर बनाए गए हैं।
जिले में पंचायत चुनावों का बिगुल बज चुका है। प्रथम चरण के मतदान को लेकर सोमवार से शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया के बाद ग्राम स्तर पर राजनीति भी गरमा चुकी है। हालांकि जिला पंचायत सदस्य को लेकर सोमवार को नामांकन पत्रों की बिक्री के हिसाब से नामांकन हुए हैं, लेकिन ऐसे कायस लगाए जा रहे हैं कि मंगलवार को जिला पंचायत सदस्य के नामांकन को लेकर काफी रोचक माहौल रहेगा। मंगलवार को जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेंद्र यादव अपने अन्य परिवार के सदस्यों के साथ नामांकन करेंगे, वहीं भाजपा के पूर्व विधायक कुबेर सिंह भी मंगलवार को नामांकन करेंगे। सोमवार को जिला पंचायत सदस्य के लिए कलक्ट्रेट पर 11 लोगों ने नामांकन किए।
की गई बेरीकेडिंग, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
नामांकन को लेकर कचहरी पर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इतंजाम किए गए। जगह-जगह बेरीकेडिंग के अलावा पुलिस प्रशासन की भी तैनाती की गई। जिससे नामांकन के दौरान आए प्रत्याशी समर्थकों को कलक्ट्रेट तक नहीं जाने दिया गया।
कुबेर सिंह नहीं कर पाए नामांकन
भाजपा के पूर्व विधायक कुबेर सिंह अंगरिया सोमवार को नामांकन नहीं कर सके। इसके पीछे उन्होंने बताया कि उनके वकीलों ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया। अब वे नामांकन मंगलवार को करेंगे। पूर्व विधायक अलीगंज क्षेत्र के वार्ड संख्या 26 से भाजपा के प्रत्याशी हैं और उन्हें भाजपा की ओर से जिला पंचायत अध्यक्ष का दावेदार माना जा रहा है।
जिला पंचायत के कुल नामांकन: 11
क्षेत्र पंचायत के कुल नामांकन: 260
- बीडीसी पदों के लिए विकास खंड जैथरा में वार्ड संख्या 1-20 तक 14, वार्ड संख्या 21-40 तक 13, वार्ड संख्या 41-60 तक 18, वार्ड संख्या 61-79 तक 23 और वार्ड संख्या 80-97 तक 17 नामांकन हुए हैं। विकास खंड अलीगंज में बीडीसी पद के लिए 119 वार्डों पर 175 नामांकन हुए।
शस्त्र लाइसेंस जमा करें
एडीएम प्रशासन सतीशपाल ने पंचायत चुनाव को दृष्टिगत रख शस्त्रों को जमा कराने के लिए सभी थानो प्रभारियों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अभी बहुत कम मात्रा में शस्त्र जमा हुए हैं। जिन लाइसेंसधारकों ने अभी तक अपने शस्त्र लाइसेंस जमा नहीं किए हैं, वे अतिशीघ्र अपने लाइसेंस जमा करा दें।
बैंक का सर्वर हुआ डाउन, नहीं हो पाए चालान जमा
अलीगंज। सोमवार को नामांकन से पहले बैंक में चालान जमा कराने के लिए प्रत्याशियों व उनके समर्थकों की भीड़ दिखाई दी। इस दौरान स्टेट बैंक में सर्वर डाउन होने के चलते प्रत्याशी ब्लॉक कार्यालय पहुंच गए। मौके पर मौजूद एसएसपी एसके वर्मा व एसडीएम भैरपाल सिंह को मामले से अवगत कराया। इस पर दोनों अधिकारी रिर्टनिंग ऑफीसर के पास पहुंचे और यहीं पर प्रत्याशियों के चालान के पैसे जमा करने को कहा। इसके चलते एक घंटे तक कोई नामांकन नहीं हो पाया।