सफाईकर्मी भर्ती प्रक्रिया के तहत नगर पालिका परिषद गंजडुंडवारा में अभ्यर्थियों से सफाई कार्य कराया गया। सफाई कार्य करने के लिए पढ़े लिखे अभ्यर्थी भी हाथों में झाड़ू फावड़ा लेकर सफाई कार्य करने में जुट गए।
नगरपालिका में 25 पदों के लिए सफाईकर्मी की भर्ती होनी है। इन पदों पर सामान्य जाति के 77 ओबीसी के 182 एवं अनुसूचित जाति के 312 आवेदन जमा हुए। इन सभी आवेदकों को चयन से पहले सफाई कार्य की परीक्षा से होकर गुजरना है। चयन समिति में शामिल उपजिलाधिकारी सहावर सुनील कुमार यादव, अधिशासी अधिकारी शमसेर सिंह, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डा. पीके श्रीवास्तव, जिला परियोजना अधिकारी सरनजीत सिंह कौर, अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग मनोज साहू के निर्देशन में अभ्यर्थियों से सफाई कार्य कराया गया। सामान्य जाति के 77 अभ्यर्थियों को सफाई कार्य में लगाया गया। इन अभ्यर्थियों में से काफी संख्या में पढ़े लिखे युवा भी रहे जिन्होंने नाले नालियों में उतर कर सफाई कार्य किया। इसके बाद साक्षात्कार लिया गया। इनमें से कौन अभ्यर्थी सफल रहे इसकी सूची चस्पा नहीं की गई है।