अलीगंज रोड पर जाम के कारण कतारों में फंसे वाहन। संवाद
एटा। अलीगंज रोड जीटी रोड पर दोनों ओर मंडी गेट पर सोमवार सुबह से भीषण जाम रहा। करीब पांच घंटे तक वाहनों के पहिए थमे रहे। सुबह 8 बजे शुरू हुआ जाम दोपहर 1 बजे के बाद खुल सका। स्कूली बच्चे व राहगीर परेशानी झेलते रहे। कई स्कूली बच्चे वाहन से उतरकर पैदल घर की ओर निकल गए। जाम के कारण शहर के मुख्य मार्गों पर भी यातायात प्रभावित रहा। पूरे दिन रुक-रुककर वाहन गुजरे।
धान की बढ़ी हुई आवक व आढ़तियों द्वारा मंडी समिति के कांटों पर ताैल न कराकर निजी कांटों पर तोल कराने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। धान लदे ट्रक व ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे खड़े करने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे शहर की ओर आने-जाने वालों को भारी मशक्कत करनी पड़ी। जाम के कारण स्कूली बच्चों की परेशानी सबसे अधिक रही। कई स्कूल बसें घंटों तक जाम में फंसी रहीं।
दोपहर के समय छुट्टी के बाद थक-हारकर कुछ बच्चों ने बस से उतरकर पैदल घर की ओर रुख किया। अभिभावक अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आए। जाम की सूचना पर ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने वाहनों को एक ओर लगाने और रास्ता साफ कराने का प्रयास किया लेकिन लगातार बढ़ती धान की ट्रॉलियों व लोडर वाहनों के कारण जाम कम नहीं हुआ।