एटा। डॉक्टर की अपाॅइंटमेंट बुक कराने के नाम पर साइबर ठगों ने फायरमैन के मोबाइल में एप डाउनलोड करा दिया। इसके बाद मोबाइल की जानकारी हासिल कर उसके बैंक खातों से एक लाख रुपये से अधिक की रकम निकाल ली गई। पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर करने के साथ कोतवाली नगर में तहरीर दी है।
फायर सर्विस एटा में फायरमैन के पद पर तैनात मुकुल चिकारा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 17 अगस्त को डॉक्टर की अपाॅइंटमेंट बुक कराने के लिए बातचीत के दौरान एक व्यक्ति ने व्हाट्सएप नंबर पर एक एपीके फाइल भेजी।
उसे डाउनलोड करने के बाद आरोपी ने मोबाइल को ओपन कराकर उसकी जानकारी हासिल कर ली। इसके बाद आरोपी ने ऑनलाइन माध्यम से पांच रुपये भेजने के लिए कहा, लेकिन रकम नहीं पहुंची। आरोपी ने अस्पताल पहुंचकर नंबर लगाने की बात कही। पीड़ित के अनुसार 20 अगस्त को उसके सैलरी खाते से 99,998 रुपये निकाल लिए गए। इसकी शिकायत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर की गई, जिसका शिकायत नंबर भी दर्ज कराया गया है। इसके अलावा उसके दूसरे बैंक खाते से भी उसी दिन तीन बार में कुल 1,581 रुपये निकाल लिए गए।
पीड़ित ने बैंक खाता बंद करा दिया है। खाते से निकाली गई रकम की भी 1930 पर शिकायत की गई है। सीओ साइबर क्राइम नितीश गर्ग ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा।