एटा। भीषण गर्मी पड़ रही है। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक उल्टी-दस्त के साथ बुखार से ग्रसित हो रहे हैं। अब बच्चे पीलिया की चपेट में भी आने लगे हैं।
शुक्रवार को बाल रोग विभाग में 90 बच्चे उपचार के लिए पहुंचे। चिकित्सकों ने बताया कि बच्चों में बुखार और पेट में दर्द के साथ दस्त होने की समस्या आ रही है। यह भी बताया कि पीलिया से ग्रसित बच्चे भी पहुंच रहे हैं। एक सप्ताह में 7 बच्चे पीलिया के उपचार के लिए पहुंचे हैं। चिकित्सकों का कहना है गर्मी अधिक होने के कारण सावधानी बरतने की जरूरत है। दिन में बार-बार पानी पीयें। सीधे धूप के संपर्क में आने से बचें।
वार्ड हुआ फुल
एमसीएच विंग में बच्चों को भर्ती करने के लिए साधारण वार्ड बना हुआ है। इसमें उल्टी, दस्त व बुखार सहित अन्य बीमारियों के बच्चे भर्ती किए जाते हैं। शुक्रवार को वार्ड में 18 बच्चे बुखार, दस्त आदि बीमारियों के भर्ती थे। स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि वार्ड फुल हो गया है। भर्ती बच्चों में अधिकांश को बुखार की शिकायत है।