कलेक्ट्रेट में अभिलेखों को जांचती मंडलायुक्त संगीता सिंह। संवाद
एटा। मंडलायुक्त संगीता सिंह ने शनिवार को तहसील सदर व कलेक्ट्रेट परिसर का निरीक्षण कर विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली परखी। राजस्व अभिलेखागार, भूलेख अनुभाग, एसडीएम व एडीएम न्यायालय, नजारत, शस्त्र अनुभाग व स्थानीय निकाय शाखा सहित कई पटलों का निरीक्षण किया। अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव व वर्षों से लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। कहा कि राजस्व न्यायालयों में पुराने पड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए।
मंडलायुक्त ने शस्त्र लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रविष्टियां रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज करने और गन शॉप की नियमित जांच सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए। होली के त्योहार को देखते हुए सहायक आयुक्त खाद्य को बाजारों में सघन जांच अभियान चलाने को कहा। इसके साथ ही मिलावटखोरों पर कड़ी कार्रवाई करने व लोगों को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट स्थित जिला निर्वाचन कार्यालय के जीर्णोद्धारित कक्ष का लोकार्पण और विनियमित क्षेत्र में ऑनलाइन बिल्डिंग प्लान अप्रूवल सिस्टम का शुभारंभ किया।
इसके अलावा परिसर में महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट का भी उद्घाटन किया। मंडलायुक्त ने प्रस्तावित बहुउद्देशीय हाल, शेड व बेंच स्थापना कार्य का शिलान्यास किया। डीएम प्रेम रंजन सिंह ने आश्वस्त किया कि मंडलायुक्त द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन कराया जाएगा। एसएसपी श्याम नारायण सिंह, सीडीओ डॉ. नागेंद्र नारायण मिश्र, एडीएम वित्त एवं राजस्व लालता प्रसाद, एडीएम प्रशासन सत्य प्रकाश, एडीएम न्यायिक रमेश मौर्य सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।