एटा। प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 26 अगस्त से तीन दिवसीय रोजगार महाकुंभ का आयोजन किया जाएगा। इसमें 50 हजार युवाओं को रोजगार मिलेगा। इसके लिए अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।
जिला रोजगार सहायता अधिकारी विपिन कुमार यादव ने शुक्रवार को बताया कि इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान गोमती नगर लखनऊ में 26 से 28 अगस्त को रोजगार महाकुंभ व कैंपस प्लेसमेंट का आयोजन किया जा रहा है। इसमें देश-विदेश की कंपनियां प्रतिभागियों का चयन करने के लिए आएंगी। इंटरमीडिएट, आईटीआई डिप्लोमा, स्नातक, बीटेक, पैरामेडिकल कोर्सेस आदि में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का चयन उनके बायोडाटा व साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा।
इसमें श्रमिक वर्ग के तहत कुशल और अकुशल कामगार भी प्रतिभाग कर सकते हैं। रोजगार महाकुंभ में संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, जापान और जर्मनी जैसे देशों में रोजगार के पंद्रह हजार से अधिक अवसर मिलेंगे। वहीं आईटी, विनिर्माण, सेवा और उभरते उद्योगों में 35 हजार से अधिक घरेलू नौकरियां दी जाएंगी। इच्छुक अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश सेवायोजन विभाग के पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते है। अपना पंजीयन कर उक्त रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के लिए आवेदन भी कर सकते हैं।