एटा। चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए लोग गांव के अंदर जागकर पहरा दे रहे हैं। इसी बीच बृहस्पतिवार को देर रात लगभग 10 बजे गांव शीतलपुर में एक दुकान के अंदर नशे में धुत्त 2 युवकों को पकड़ लिया और पीटने के बाद पुलिस को सौंप दिया।
गांव शीतलपुर के कुछ लोग बृहस्पतिवार की देर रात लगभग 10 बजे सड़क किनारे बैठे हुए थे। उसी समय एक दुकान से कुछ आहट सुनाई दी। अन्य लोगों को बुलाकर जब दुकान को खोलकर देखा गया तो दो युवक नशे में धुत्त दिखाई दिए। इनको बाहर निकालकर ग्रामीणों ने पहले तो पीट दिया फिर पुलिस को बुलाकर थाने भेज दिया। कोतवाली प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि दोनों युवक काफी नशे में थे। इनके परिजन को बुलाकर समझाते हुए घर भेजा गया है।
दो दिन पूर्व गांव शीतलपुर से ही हुई थी 8 लाख की चोरी
जहां से इन दो युवकों को पकड़ा गया वहीं से बुधवार की रात में नकदी व गहने सहित कुल मिलाकर लगभग 8 लाख रुपये की चोरी हुई थी। पीड़ित महिला ममता ने बताया कि घर से बुधवार की रात 7 सोने की अंगूठी, 3 जोड़ी झाले, 1 चेन, 2 जोड़ी पायल व चांदी की करधनी और 2 लाख रुपये चोर ले गए। सीओ सिटी अमित कुमार राय ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और गहनता के साथ जांच-पड़ताल की जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज करते हुए कार्रवाई की जाएगी।