सकीट। एटा-कानपुर हाईवे पर सोमवार सुबह झांकी वाले कमांडर वाहन की टक्कर से बाइक सवार ऑपरेटर की मौत हो गई। वह जवाहरपुर तापीय परियोजना में ड्यूटी करने जा रहा थे हादसे से परिवार में मातम छा गया।
कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव नगला केवल निवासी विवेक (28) जवाहरपुर तापीय परियोजना स्थल पर तिरंगा कंस्ट्रक्शन कंपनी में ऑपरेटर थे। सोमवार सुबह वह रोजाना की तरह बाइक से ड्यूटी पर जा रहा थे। मलावन थाना क्षेत्र में एनएच-34 पर केंद्रीय विद्यालय के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे झांकी वाले कमांडर वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विवेक बाइक समेत सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे एंबुलेंस के माध्यम से मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
परिजन ने बताया कि विवेक दो भाइयों में सबसे बड़ा था। परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी उसी पर थी। उसके छह माह का बेटा है। मासूम के सिर से पिता का साया उठ गया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। युवक की मौत से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।