प्रदेश सरकार तहसील मुख्यालय पर हर हाल में 20 घंटे बिजली आपूर्ति का एलान कर चुकी है, लेकिन विद्युत निगम अफसरों की मनमानी के चलते ताज ट्रिपेजियम क्षेत्र जलेसर में दस घंटे से ज्यादा बिजली आपूर्ति नहीं हो रही।
सबसे ज्यादा परेशानी ट्रिपिंग से हो रही है। खास बात यह है कि जरजर तारों और उपकरण पर करोड़ों खर्च होने के बाद भी हालात सुधरने का नाम नहीं ले रहे। इसके चलते अब उपभोक्ता पावर कारपोरेशन के खिलाफ आंदोलन के मूड में हैं।
विद्युत निगम अफसर बकाया बिल वसूली और विद्युत चोरी रोकने के नाम पर सैकड़ों बेकसूरों पर एफआईआर दर्ज करा चुका है। उत्पीड़न की शिकायत पर विधायक संजीव दिवाकर, पूर्व विधायक कुबर सिंह अगरिया, मिथलेश अगरिया, अवागढ़ चेयरमैन महेशपाल डीएम से शिकायत कर चुके हैं।
दूसरी ओर भीषण गर्मी में बिजली कटौती के चलते नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है। नगर वासियों का कहना है कि विद्युत बिल में ताज ट्रिपेजियम क्षेत्र के चलते दुगना और तिगुना बिल जमा करना पड़ रहा है।
व्यापारियाें का कहना है कि ताज ट्रिपेजियम क्षेत्र के चलते 24 घंटे विद्युत व्यवस्था का तोहफा मिला, लेकिन अफसरों की मनमानी के चलते बिजली व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। आरोप है कि 20 घंटे में कई बार अघोषित कटौती और ट्रिपिंग के कारण मात्र 10 बिजली मिलने से कारोबार और उद्योग चौपट हो रहे हैं।
व्यापार मंडल अध्यक्ष कृष्ण गोपाल गुप्ता, मुन्ना पहलवान, वैश्य एकता परिषद के अध्यक्ष कपिल गुप्ता, संजीव वर्मा आईडिया, कान्हा वार्ष्णेय, पुष्पेन्द्र चौहान, सभासद राहुल गोयल, असलम पठान विद्युत निगम अफसरों को बिजली आपूर्ति व्यवस्था नहीं सुधरने पर घेराव आंदोलन की चेतावनी दी है।