एटा। अवैध असलहा रखने के 15 साल पुराने मामले में न्यायालय ने एक आरोपी को एक साल के साधारण कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही एक हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत पुलिस की मॉनिटरिंग सेल और अभियोजन पक्ष की प्रभावी पैरवी के बाद छह नवंबर को यह फैसला सुनाया गया।
पुलिस के अनुसार, 10 जनवरी 2011 को पुलिस ने थाना अवागढ़ क्षेत्र के गांव गदेसरा निवासी बलवीर के कब्जे से अवैध असलहा बरामद किया था। इस मामले में थाने में उसके खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। विवेचना पूरी करने के बाद पुलिस ने 26 जनवरी 2011 को न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल कर दिया था।
ऑपरेशन कन्विक्शन अभियान के तहत मामले को प्रभावी पैरवी के लिए चिह्नित किया गया। मॉनिटरिंग सेल और अभियोजन पक्ष ने न्यायालय में साक्ष्यों के आधार पर प्रभावी पैरवी की। एससी-एसटी एक्ट न्यायालय ने आरोपी बलवीर को एक साल के साधारण कारावास और एक हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है।