एटा। कस्बा जैथरा की टीवीएस एजेंसी की मैनेजर पर एक महिला ने बाइक फाइनेंस कराने के नाम पर रुपये लेने और वापस न करने का आरोप लगाया है। रकम मांगने पर महिला व उसके पति के साथ अभद्रता और पिटाई की गई। मामले में एजेंसी की मैनेजर शिवानी गुप्ता व उसके पति अंकुश समेत अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
पीड़िता ने बताया कि उन्होंने जैथरा स्थित श्रीश्याम मोटर्स टीवीएस एजेंसी से अपाचे मोटरसाइकिल खरीदी थी। बाइक फाइनेंस कराने के लिए उनकी बातचीत एजेंसी में मैनेजर के तौर पर बैठने वाली शिवानी गुप्ता से हुई थी। आरोप है कि शुरुआत में उनसे 38 हजार रुपये जमा कराए गए। इसके बाद 5657 रुपये की तीन किस्तें नकद ली गईं। फाइनेंस नहीं होने की बात कहकर एक लाख रुपये और ले लिए गए।
बाद में बाइक का फाइनेंस स्वीकृत होने की जानकारी दी गई। आरोप है कि बाइक फाइनेंस के लिए 38 हजार रुपये डाउन पेमेंट जमा कराने के बाद एक लाख रुपये अतिरिक्त जमा कराने और बाद में लौटाने की बात कही गई थी। पीड़िता ने गले से सोने की चेन चोरी करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है।