एटा। तेज रफ्तार बाइकों की भिड़ंत में शनिवार की रात एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। घायलों में से दो को गंभीर हालत में आगरा रेफर किया गया है। जबकि दो अलग-अलग हुए हादसों में पांच लोग घायल हुए हैं और तीन को गंभीर स्थिति में आगरा रेफर किया गया है।
कोतवाली देहात क्षेत्र स्थित गांव मरथरा के पास शनिवार की रात बाइकों की भिड़ंत में संजय कुमार (26) पुत्र मंगू लाल निवासी गांव नगला मेहरजी थाना सिढ़पुरा जिला कासगंज की मौत हो गई, जबकि चचेरा भाई प्रमोद कुमार घायल हो गया। वहीं दूसरी बाइक सवार पूरन सिंह व प्रदीप कुमार उर्फ छोटे लाल निवासी गांव श्यौराई थाना मिरहची घायल हो गए। घायलों में प्रमोद कुमार और पूरन सिंह को गंभीर हालत में आगरा रेफर किया गया है। मृतक के परिजनों ने बताया है कि कस्बा मिरहची से मूंगफली का बीज लेकर लौट रहे थे, तभी हादसे का शिकार हो गए। संजय को भी जिला अस्पताल से रेफर किया गया था लेकिन आगरा ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
इसी थाना क्षेत्र के गांव गिरौरा के पास बैल बुग्गी से बाइक सवार नरेश कुमार निवासी शाहपुर टोला थाना शमशाबाद आगरा और इसका ममेरा भाई रामप्रकाश निवासी जारऊ कटरा थाना मलपुरा आगरा घायल हो गए। रामप्रकाश अपने पिता देवीलाल की अस्थियां विसर्जित करने गंगाघाट कछला फुफेरे भाई के साथ जा रहा था तभी हादसे का शिकार हो गया। दोनों को आगरा रेफर किया गया है। थाना मलावन क्षेत्र स्थित गांव कंगरौल के पास ईको कार ने बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार ओमकार सिंह और इसका छोटा भाई रामप्रकाश व उर्वेश कुमार निवासीगण नगला गंगी थाना सकीट घायल हो गए। ओमकार को गंभीर हालत में आगरा रेफर किया गया है। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।