जलेसर। टूंडला से बसुंधरा जाने के लिए शनिवार की रात एक युवक को कार सवारों ने लिफ्ट दी। इसके बाद तमंचों के बल पर युवक से डेढ़ लाख रुपये और जेवर लूट लिए। सकरौली थाना क्षेत्र में हुई इस घटना की पुलिस पड़ताल कर रही है।
लूट की इस घटना का शिकार हुए धीरेंद्र सिंह चौहान ने थाने में तहरीर दी है। बताया कि वह मूल रूप से अवागढ़ थाना क्षेत्र के गांव बसुंधरा का निवासी है जो कई साल से नोएडा के ओखला में परिवार के साथ रहता है। नोएडा में रहकर वह एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। गांव में 14 मई से श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होना है।
परिवार के लोगों ने गांव में श्रीमद्भागवत कथा के आयोजन की जानकारी देने के साथ ही परिवार संग आने का निमंत्रण दिया। इस पर वह कथा की व्यवस्थाओं के लिए शनिवार को ट्रेन से नोएडा से गांव आने को रवाना हुआ। शनिवार रात 2 बजे वह ट्रेन से टूंडला पहुंचा। यहां से टूंडला के मुख्य चौराहे पर पहुंचकर वाहन का इंतजार करने लगा।
चौराहे पर एक वैन एटा आने के लिए खड़ी थी। वैन में चालक समेत चार युवक थे। चालक के कई बार कहने और घर पहुंचने की जल्दी में वह वैन में सवार हो गया। करीब 2:30 बजे वैन वहां से चल दी। रजावली चौराहे पर चालक ने वैन को जलेसर की ओर मोड़ दिया। विरोध करने पर दो युवकों ने तमंचा निकालकर धमकाते हुए चुप रहने को कहा।
सकरौली थाना क्षेत्र के धर्मपुर चौराहे के पास वैन को रोका और नीचे उताकर पानी भरे बाजरा के खेत में दौड़ा दिया। दोनों बैग लेकर बदमाश कार सहित भाग गए। धीरेंद्र ने बताया कि बैग में कपड़ों के साथ ही डेढ़ लाख रुपये और जेवरात रखे थे। सीओ ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि घटना की पड़ताल की जा रही है।