सर्वर डाउन की समस्या से जूझ रहे बिजली उपभोक्ता परेशान हैं। शनिवार से सर्वर डाउन हैं जिसके चलते वो परेशान हो रहे हैं। गर्मी और चिलचिलाती धूप में घंटों लाइन में लगने के बाद भी बिल जमा न होने से उनमें गुस्सा है। सोमवार को लाइन में लगे उपभोक्ताओं के जब बिल जमा नहीं हुए तो उन्होंने हंगामा काटा। बाद में पुलिस भी पहुंच गई।
तीन दिन से डाउन चल रहा सर्वर के चलते कैश काउंटर पर सुबह से ही कतार लग रही है। गर्मी और धूप में घंटों लाइन में रहने के बाद भी उनके बिल जमा नहीं हो पा रहे। हजारों उपभोक्ता रोज परेशान हो रहे हैं। अधिकांश का कहना है कि विभागीय व तकनीकी अव्यवस्था के चलते बिल जमा नहीं हो पा रहे हैं, लेकिन इसका खामियाजा उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ता है। निर्धारित तिथि निकलते ही अधिभार, डिस कनेक्शन के फरमान जारी कर विभाग उपभोक्ताओं पर गाज गिराता है।
अव्यवस्था से विभाग को भी राजस्व हानि हो रही है। पूर्व दिनों की भांति 22-24 लाख रुपये प्रतिदिन की राजस्व वसूली नहीं हो पा रही। विभागीय अधिकारियों के अनुसार शनिवार से आई खराबी के बाद विभाग का 70 लाख रुपये से अधिक की काउंटर रिकवरी ठप पड़ी है।
शनिवार से डाउन सर्वर के चलते विभागीय काम बाधित हो रहे हैं। लाखों की रिकवरी के साथ ही उपभोक्ताओं को भी परेशानी हो रही है। इस संबंध में उच्च विभागीय अधिकारियों को अवगत करा दिया है। सोमवार शाम तक सुचारु व्यवस्थाओं का आश्वासन मिला है।
- वीके जैन, अधीक्षण अभियंता
ट्रांसफार्मर फुंका, 29 गांव की बिजली गुल
कस्बा के बिजलीघर में लगा 5.2 मेगावाट का ट्रांसफार्मर रविवार रात शार्ट सर्किट के चलते फुंक गया। इसके चलते कस्बा सहित 40 गांवों की बिजली गुल हो गई। गर्मी के मौसम में बिजली न आने से लोग परेशान हैं। सुबह लोग पानी के लिए भी तरस गए। किसान भी परेशान हैं। मौके पर पहुंचे विभागीय अधिकारी और कर्मचारी कमी को दूर करने में जुट गए। अधिकारियों का कहना है कि नया ट्रांसफार्मर अलीगढ़ से आएगा। आपूर्ति सुचारु होने में तीन-चार दिन का समय लगेगा।
रिवविवार रात को जैसे ही 10 बजकर 14 मिनट पर सप्लाई आई, तभी 33 हजार से 11 हजार की लाइन से जुड़े ट्रांसफार्मर में अचानक शार्ट सर्किट होने से आग लग गई। चार घंटे तक ट्रांसफार्मर से आग की लपटें उठती रहीं। वहीं विभागीय अधिकारियों को सूचना देकर कर्मचारियों ने लाइन बंद कराई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
बता दें कि दो दिन पूर्व खराब हुई ओसीबी मशीन को एक दिन पहले ही ठीक कराया था। रविवार को ट्रांसफार्मर फुंकने से और समस्या खड़ी हो गई। ट्रांसफार्मर फुंकने से कस्बा राजा का रामपुर, भरगैन, खैरपुरा, शाहपुर टहला, बल्लूपुर, झाऊझोल, ताजपुर तिगरा, माली नगला, गढ़िया स्टेशन सहित करीब 29 गांव की बिजली गुल है। सुबह लोग पानी के लिए भी तरस गए। वहीं किसान खेताें में मक्का, हरी सब्जियों और चारा में पानी लगाने को परेशान हैं। गांव के रवेंद्र कुमार, मनोज कुमार, वीरेंद्र गुप्ता, सुरेश कुमार, सोनू कुमार, सुनील शाक्य आदि का कहना है कि कस्बा में सन 1965 में विद्युतीकरण हुआ था, तब से आज तक तार नहीं बदले हैं। जर्जर तारों के चलते आए दिन फाल्ट होते हैं। मांग करने के बाद भी कोई बदलवाने का प्रयास नहीं कर रहा है। मौके पर पहुंचे जेई मनमोहन सिंह, एसडीओ अलीगंज पवन वर्मा ने बताया कि ट्रांसफार्मर फुंक गया है। अलीगढ़ से नया मंगाया जा रहा है। तीन से चार दिन में आपूर्ति सुचारु हो सकेगी।